कबीरधाम जिले के कवर्धा थाना क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाम कर दिया। कबीरपंथ से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम के प्रचार हेतु लगाए गए बैनर-पोस्टर को फाड़कर शांति भंग करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कवर्धा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को सुबह लगभग 10:30 बजे कवर्धा–लोहारा मुख्य मार्ग पर नवागांव चौक स्थित कबीर चबूतरा के पास आरोपियों ने कबीरपंथ के प्रचार हेतु लगाए गए पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे क्षेत्र में तनाव और धार्मिक आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की शिकायत मिलने पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 532/2025 के तहत धार्मिक भावनाएं आहत करने, शांति भंग करने और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान गवाहों के बयान लिए गए, घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा फाड़े गए बैनर-पोस्टर, झंडा और अन्य सामग्री विधिवत जप्त की गई।
जांच में सोहन नाथ शिवोपासक (49 वर्ष) एवं मनहरण नाथ योगी (51 वर्ष), दोनों निवासी नवागांव, की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कानून व्यवस्था से जुड़े प्रकरण दर्ज रहे हैं।
मामला अजमानतीय प्रकृति का होने के कारण आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धार्मिक उन्माद फैलाने और समाज में अशांति पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।