छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री के जनदर्शन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 8 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, शांति व्यवस्था एवं आम जनता से प्राप्त होने वाले पत्रों व शिकायतों के सुचारु निपटारे के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रायपुर द्वारा व्यापक स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जारी आदेश के अनुसार, अपर कलेक्टर, अनुविभागीय दण्डाधिकारी, कार्यपालिक दण्डाधिकारी, नगर निगम, परिवहन, कृषि, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, आवास, परियोजना, समन्वयक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित कुल 25 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक मुख्यमंत्री निवास में तैनात किया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य जनदर्शन के दौरान जिले से संबंधित आवेदनों को व्यवस्थित रूप से प्राप्त करना, तत्काल समन्वय सुनिश्चित करना तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचना है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का कड़ाई से पालन करेंगे।
यह आदेश अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी रायपुर द्वारा जारी किया गया है, जिसकी प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री सचिवालय तथा सभी संबंधित कार्यालय प्रमुखों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
प्रशासनिक हलकों में इसे जनदर्शन को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।