जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख एवं प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 14 जनवरी 2026 को की गई। पुलिस के अनुसार, अमित बघेल की गिरफ्तारी बलौदाबाजार में घटित तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना से जुड़े मामले में की गई है।
उक्त मामले में थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में अपराध क्रमांक 378/2024 दर्ज है। प्रकरण की विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए 15 जनवरी 2026 को आरोपी के कब्जे से महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की है।
पुलिस टीम द्वारा अमित बघेल के पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के रूप में दो मोबाइल फोन, घटना दिनांक को प्रयुक्त इनोवा वाहन तथा कार्यालय से संबंधित कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त सामग्री की जांच की जा रही है, जिससे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
फिलहाल, पूरे प्रकरण में विवेचना जारी है और पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।