मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की असीम कृपा से बलौदाबाजार की पावन धरती पर विश्व कल्याण, धर्म रक्षा और जनसेवा के महान उद्देश्य को लेकर श्री हनुमत महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 19 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक दशहरा मैदान स्थित यज्ञ परिसर में संपन्न होगा। महायज्ञ का आयोजन धर्म रक्षार्थ यज्ञ एवं जन सेवा समिति तथा समस्त नगरवासियों के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है।
महायज्ञ का शुभारंभ माघ शुक्ल 01, सोमवार 19 जनवरी को दोपहर 1 बजे भव्य कलश यात्रा से होगा। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी के साथ छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक केशरवानी (भाटापारा) द्वारा मधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी दिन संध्या 5 बजे छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा द्वारा यज्ञ परिसर में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण कर उसे धार्मिक अनुष्ठानों हेतु समिति व नगरवासियों को समर्पित किया जाएगा।
महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 8 से 12 बजे एवं संध्या 2 से 5 बजे तक संपन्न होगा। वहीं प्रतिदिन शाम 6 से रात 9 बजे तक धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। 11 दिवसीय आयोजन के दौरान संगीतमय सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या, आध्यात्मिक नाट्य मंचन, अंतरराष्ट्रीय नृत्य-संगीत प्रस्तुति, श्री हनुमत कथा और महाप्रसादी वितरण जैसे कार्यक्रम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत करेंगे।
इस महायज्ञ में श्रीलंका से अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध हरे राम-हरे कृष्ण नृत्य संगीत प्रस्तुति, “वनवासी राम” नाट्य मंचन, “धरोहर” सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अनेक विशेष आकर्षण रहेंगे। 29 जनवरी को अंतिम दिवस पूर्णाहुति, संगीतमय कलश विसर्जन एवं महाप्रसादी वितरण के साथ इस पुण्य अनुष्ठान का समापन होगा।
आयोजक समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें तथा विश्व शांति, समाजिक समरसता और धर्म रक्षा के इस पावन आयोजन को सफल बनाएं।