कवर्धा। छत्तीसगढ़ ग्राम रोजगार सहायक संघ द्वारा उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के जन्मदिवस के अवसर पर कवर्धा में भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेशभर से पहुंचे ग्राम रोजगार सहायकों, प्रांतीय पदाधिकारियों एवं जिला कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति में जन्मदिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी आकर्षण का केंद्र उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का भव्य तुलादान समारोह रहा। इस दौरान रोजगार सहायकों ने पारंपरिक तरीके से उनका सम्मान किया। इसके पश्चात केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर ग्राम रोजगार सहायकों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा भी हुई। संघ के प्रतिनिधियों ने ग्रेड पे एवं HR पॉलिसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। चर्चा के सकारात्मक रुख से रोजगार सहायकों में नई उम्मीद जगी है कि उनकी बहुप्रतीक्षित मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय सामने आ सकता है।
कार्यक्रम में संघ के प्रांताध्यक्ष राजदेव शेट्ठी, उप प्रांताध्यक्ष देव बर्मन, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष देवेंद्र हिरवानी, प्रांतीय सचिव निलेश वैष्णव, संयुक्त सचिव सचिन्द्र साहू तथा प्रांतीय मीडिया प्रभारी मोहित साहू की विशेष उपस्थिति रही। वहीं जिला स्तर पर आयोजन को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष राजाराम वर्मा, उपाध्यक्ष भेजलाल साहू, अजय शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी शोभित साहू, चारों ब्लॉक अध्यक्षों एवं जिले के समस्त ग्राम रोजगार सहायकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और सदस्यों की सहभागिता ने कार्यक्रम को एकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कर्मचारियों और ग्राम रोजगार सहायकों के हितों को लेकर सकारात्मक वातावरण बना है, जिससे पूरे प्रदेश के रोजगार सहायकों में उत्साह का माहौल है।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित साथियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के स्वस्थ एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना करते हुए प्रदेश के ग्राम रोजगार सहायकों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की आशा व्यक्त की।