शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर 05 बोरी चावल चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पांचों बोरी चावल बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी पहले से ही बिलासपुर जिले की जेल में निरुद्ध है, जिसके खिलाफ पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम साल्हेघोरी निवासी जलेश्वर साहू उचित मूल्य की दुकान में विक्रेता है। 27 अगस्त की शाम करीब 6 बजे राशन वितरण के बाद वह दुकान में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 6:40 बजे दुकान का मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा मिला। दुकान की जांच करने पर पांच बोरी चावल गायब मिले। चोरी गए चावल की शासन द्वारा निर्धारित दर के अनुसार कीमत 13 हजार 724 रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर चौकी डिंडौरी में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर साइबर सेल और चौकी डिंडौरी पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने साथी राजेश सारथी के साथ मोटरसाइकिल से साल्हेघोरी की राशन दुकान में पहुंचकर चावल चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी किए गए चावल ग्राम गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू को बेचने की जानकारी भी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने अनिल साहू से पूछताछ कर उसके कब्जे से चोरी किए गए पांचों बोरी चावल बरामद कर लिए। रामानंद अहिरवार और खरीददार अनिल साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल राजेश सारथी वर्तमान में एक अन्य मामले में बिलासपुर जेल में निरुद्ध है, जिसके संबंध में पृथक कार्रवाई की जा रही है।