ग्राम कामठी में मंगलवार को 40 वर्षीय किसान नंदू पदवार का शव उसके खेत में बनी झोपड़ी के भीतर फंदे से लटका मिला। सुबह करीब 9 बजे घर से खेत के लिए निकले नंदू के दोपहर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। खेत पहुंचने पर झोपड़ी में उसका शव मिला।
घटना की सूचना पर कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल किसान की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हत्या या आत्महत्या को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।