ग्राम मुडियाडीह-खैंदा मेनरोड पर 65 वर्षीय वृद्ध केजराम ध्रुव की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। रुपये देने से इनकार करने पर विधि से संघर्षरत बालक ने वृद्ध पर गुप्ती जैसे धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया था। गंभीर चोटों के कारण वृद्ध की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बलौदाबाजार से रायपुर और फिर महासमुंद की ओर भाग रहा था, जिसे पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार 18 अगस्त की शाम ग्राम मुडियाडीह-खैंदा मेनरोड पर केजराम ध्रुव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। वह शाम करीब पांच बजे घर से ग्राम खैंदा दूध देने के लिए निकले थे। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे चोट के निशान मिले। मृतक के पुत्र लकेश्वर ध्रुव की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 697/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के मार्गों का तकनीकी विश्लेषण किया और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच में सामने आया कि घटना के बाद विधि से संघर्षरत बालक बलौदाबाजार से रायपुर पहुंचा और वहां से बस के जरिए महासमुंद की ओर निकल गया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर महासमुंद क्षेत्र में उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। घटना के समय वह मेनरोड पर बैठा था। केजराम ध्रुव के वहां से गुजरने पर उसने उनसे रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने गुप्ती से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद वृद्ध की मौत हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रकरण में विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई जारी है।