कवर्धा। पुराने सिक्के और नोट के बदले लाखों-करोड़ों रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को कबीरधाम साइबर पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी मोहम्मद नजीम खान और मोहम्मद रोहिल के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में तेलंगाना के निजामाबाद जिले के आरमूर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।
मामला अगस्त 2026 का है। पीड़ित ने इंस्टाग्राम पर रील देखते समय पांच रुपये के वैष्णो देवी छाप सिक्के के बदले 85 लाख रुपये और पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक करोड़ रुपये मिलने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने पुराने सिक्के और नोट की तस्वीरें व्हाट्सएप पर मंगाईं।
इसके बाद आरोपियों ने खरीद के नाम पर भुगतान मिलने का झांसा देकर आधार कार्ड और फोटो सहित दस्तावेज लिए। फिर सरकारी शुल्क, जीपीएस रिचार्ज, इंजन वेरिफिकेशन, कस्टम ड्यूटी, रसीद और बीमा सहित अलग-अलग बहाने बनाकर रकम की मांग शुरू कर दी। अलग-अलग बैंक खातों, यूपीआई और क्यूआर कोड के माध्यम से पीड़ित से कुल 1,68,269 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। रकम मिलने के बाद भी आरोपियों की मांग जारी रही।
शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने बैंकिंग लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में आरोपियों का ठिकाना तेलंगाना के निजामाबाद जिले के आरमूर क्षेत्र में मिला। पुलिस टीम ने फतेहपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम पर ‘राज ज्ञानी’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर पुराने सिक्के और नोट के बदले भारी रकम मिलने का लालच देने तथा अलग-अलग बैंक खातों और क्यूआर कोड के माध्यम से रकम लेने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पांच महंगे मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। इनमें एप्पल आईफोन, वीवो और रेडमी के मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी मोबाइल सिम और अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। जांच में इनके द्वारा अन्य राज्यों में भी इसी तरह की घटनाएं किए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
कार्रवाई में निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में सउनि चंद्रकांत तिवारी, प्रधान आरक्षक चुम्मन साहू, अभिनव तिवारी, आरक्षक आकाश राजपूत, मो. इरफान सहित साइबर पुलिस टीम की भूमिका रही।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के, नोट, नौकरी, निवेश अथवा अन्य वस्तुओं के बदले असामान्य रूप से अधिक रकम दिलाने वाले विज्ञापनों से सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर शुल्क या वेरिफिकेशन के नाम पर ऑनलाइन राशि जमा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।