कवर्धा। भाई दूज के त्योहार पर जहां घरों में भाई-बहन के स्नेह और खुशियों का माहौल था, वहीं कबीरधाम जिले के ग्राम बनिया के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का सबसे हृदयविदारक पहलू यह रहा कि एक ही परिवार के पिता, 15 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटे की एक साथ जान चली गई।
घटना रणवीरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली मोटरसाइकिल एसपी शाइन पर भूपेंद्र कश्यप (40), उनकी बेटी ऋतु कश्यप (15) और बेटा पंकज कश्यप (12) सवार थे। तीनों बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनराका के निवासी थे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पल्सर पर चार युवक सवार थे। इसमें ग्राम नवघटा, थाना सहसपुर लोहारा निवासी भावेश सिन्हा (20), पिता खेम सिन्हा की भी दुर्घटना में मौत हो गई। इसी बाइक पर सवार तोमन मरावी (18), पिता सदासिंग और भानुप्रताप सिंह (17), पिता चंद्रेश सिंह घायल हो गए। दोनों घायल भी ग्राम नवघटा के निवासी बताए गए हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं चारों मृतकों के शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
एक हादसे ने उजाड़ दिए दो परिवार
भाई दूज के दिन हुए इस हादसे ने त्योहार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया। भूपेंद्र कश्यप के परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दूसरी ओर युवा भावेश सिन्हा की मौत से नवघटा गांव में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।