15 लाख के स्वीकृत प्राक्कलन से हटकर निर्माण के आरोप, दो बार रंग-रोगन के बाद भी नहीं सुधरी हालत, विधायक भावना बोहरा से जांच और कार्रवाई की उम्मीद
कवर्धा। नगर पंचायत पांडातराई में राष्ट्र की अखंडता, एकता और देशप्रेम का संदेश देने के उद्देश्य से निर्मित भारत माता चौक अब सरकारी निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। चौक में स्थापित शेर की प्रतिमा की ऊपरी सतह पूरी तरह उखड़ने लगी है। रंग और प्लास्टर की परतें जगह-जगह से निकल चुकी हैं। महज पांच साल के भीतर ही प्रतिमा की ऐसी दुर्दशा निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव की पोल खोल रही है।
जानकारी के अनुसार भारत माता चौक निर्माण के लिए लगभग 15 लाख रुपये का प्राक्कलन स्वीकृत किया गया था। लेकिन आरोप है कि निर्माण के समय से ही निर्धारित प्राक्कलन और तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कार्य नहीं कराया गया। ठेकेदार द्वारा स्वीकृत प्राक्कलन से हटकर निर्माण किए जाने को लेकर उस समय भी काफी विरोध और हो-हल्ला हुआ था। गुणवत्ता पर उठे सवालों के बीच ठेकेदार को स्वीकृत राशि से कम भुगतान किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। हालांकि वास्तविक भुगतान और कटौती की स्थिति विभागीय अभिलेखों से स्पष्ट होना जरूरी है।
रंग-रोगन हुआ, लेकिन निर्माण की खामी नहीं छिपी
निर्माण के लगभग पांच साल के दौरान एक-दो बार रंग-रोगन भी कराया जा चुका है, लेकिन प्रतिमा की स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हुआ। तस्वीर में शेर की ऊपरी सतह से रंग और परतें बड़े हिस्से में उखड़ी दिखाई दे रही हैं। इससे स्पष्ट है कि समस्या केवल रंग-रोगन की नहीं, बल्कि मूल निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव से भी जुड़ी है। जनता के पैसे से बने सार्वजनिक स्थल पर बार-बार रंग-रोगन कराने के बजाय मूल खामियों की जांच जरूरी है।
ठेकेदार ही नहीं, निगरानी करने वाले भी जांच के दायरे में आएं
इस मामले में केवल ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करना पर्याप्त नहीं होगा। निर्माण की स्वीकृति देने वाले अधिकारी, तकनीकी मूल्यांकन करने वाले इंजीनियर, कार्य की निगरानी करने वाले कर्मचारी और भुगतान प्रक्रिया से जुड़े जिम्मेदारों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। स्वीकृत प्राक्कलन, माप पुस्तिका, निर्माण सामग्री, कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र और वास्तविक भुगतान का मिलान कराया जाना चाहिए। निर्माण अवधि में शिकायतों के बावजूद गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं करने वाले जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
विधायक भावना बोहरा से कार्रवाई की उम्मीद
पांडातराई क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने पहल करेंगी। यदि जांच में घटिया निर्माण, प्राक्कलन की अनदेखी अथवा निगरानी में लापरवाही प्रमाणित होती है तो संबंधित ठेकेदार के साथ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
भारत माता चौक केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। इसकी दुर्दशा नगर पंचायत की जवाबदेही पर गंभीर सवाल है। अब केवल मरम्मत और रंग-रोगन नहीं, बल्कि निर्माण से लेकर भुगतान तक पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई जरूरी है। पांच साल में ही शेर की ऊपरी सतह उखड़ने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है, इसका जवाब पांडातराई की जनता को मिलना चाहिए।