19 और 20 मार्च को सजेगा भोरमदेव महोत्सव का मंच
कवर्धा, 18 मार्च 2023। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रत्येक वर्ष होने वाले भोरमदेव महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस वर्ष 2023 में 27वां भोरमदेव महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस बार महोत्सव 19 एवं 20 मार्च को होगा। प्राचीनतम काल से प्रत्येक वर्ष भोरमदेव महोत्सव का आयोजन होली के तेरस और चौदस तिथि होते आ रहा है। 19 मार्च को बाबा भोरमदेव मंदिर में शिव जी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ मंदिर प्रांगण में 12 से 12.30 बजे के बीच जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की पांरम्परिक नृत्य के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। महोत्सव में छत्तीसगढ़ के स्थानीय तथा अंचल के कलाकारों को भी महत्व देते हुए मंच प्रदान किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। दिन में दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए मंदिर प्रांगण पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दो दिनों तक मंदिर प्रांगण में जसगीत, बैगा नृत्य, शिव पार्वती कथा एवं भजन, राम भजन, पंडवानी, पंथी नृत्य, सहित अलग-अलग धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।








