सहसपुर लोहारा विकासखंड के अंतर्गत स्थित वीरेंद्र नगर शासकीय स्कूल परिसर में दो दिनों से मवेशी का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा हुआ है, जिससे स्कूल परिसर में दुर्गंध फैल रही है। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है, वहीं स्थानीय लोगों में हैजा जैसे संक्रमण रोग फैलने की भी आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने बताया कि इस गंभीर स्थिति की जानकारी होने के बावजूद न तो स्कूल प्रशासन ने कोई पहल की, न ही गांव के जनप्रतिनिधियों ने संज्ञान लिया और न ही शाला विकास समिति के द्वारा कोई कार्यवाही की गई।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले समाज कल्याण विभाग (सपा) द्वारा गांव-गांव में मोचियों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें यह स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कोई भी मवेशी को खुले में या सार्वजनिक स्थानों में न फेंके। मवेशी मालिक को इसकी जिम्मेदारी लेकर उचित प्रबंधन करना अनिवार्य बताया गया था। साथ ही जिन मवेशियों की मृत्यु ग्यारस (धार्मिक मान्यता) के कारण होती है, उनकी जिम्मेदारी पंचायत स्तर पर तय की गई थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल स्कूल परिसर को स्वच्छ किया जाए, मृत मवेशी के निस्तारण की व्यवस्था की जाए और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।