दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर, कवर्धा में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत विशेष प्रार्थना सभा एवं छात्र नेतृत्व के लिए अलंकरण तथा शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पण के साथ हुई, जिसमें देशभक्ति गीतों, प्रेरणादायक भाषणों और मौन श्रद्धांजलि के माध्यम से शहीदों के बलिदान को याद किया गया। प्रधानाचार्या श्रीमती ग्रेसिया एन फीग्रेड ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों का त्याग हमारे लिए प्रेरणा है और हमें अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा से करना चाहिए।
इसके पश्चात नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को शपथ दिलाकर उन्हें विभिन्न पदों पर अलंकृत किया गया। हेड बॉय आदित्य दसरिया, हेड गर्ल कनिका जोशी सहित अन्य छात्रों को नेतृत्व दायित्व सौंपे गए। समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और छात्रों की नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता तथा अनुशासन का सुंदर परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री आशीष कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्या के मार्गदर्शन में हुआ।
विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता ने इस दिन को प्रेरणा, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व का प्रतीक बना दिया।