शासन के निर्देश पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत “हर बालिका राष्ट्र की पूंजी” विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय मोहतरा में किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर दीपक सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण विभाग की श्रीमती कौसिल्या सोनवानी ने महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली विभिन्न प्रकार की हिंसा—शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, आर्थिक एवं लैंगिक हिंसा—के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने ऐसे मामलों में उपलब्ध कानूनी अधिकारों, संरक्षण अधिनियमों तथा त्वरित सहायता तंत्र पर भी प्रकाश डाला।
स्कूल की प्राचार्य की उपस्थिति में बालिकाओं द्वारा भाषण, रंगोली एवं कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण केन्द्र द्वारा प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई—
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ,
महिला हेल्पलाइन 181,
सखी वन स्टॉप सेंटर,
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,
पालना योजना,
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,
दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961,
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006,
घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, शिक्षा से जोड़ना, सुरक्षा-जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपलब्ध सरकारी संसाधनों तक पहुँच सुनिश्चित करना है। साथ ही, बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना भी इस अभियान की प्रमुख उपयोगिता है।