कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल स्थित ग्राम उसरवाही में भारतीय जनता पार्टी का “गांव चलो–बस्ती चलो अभियान” उत्साह और जनसंपर्क के साथ आयोजित किया गया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने गांव पहुंचकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उसरवाही में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों को बताने का माध्यम नहीं, बल्कि लाभार्थियों से सीधा संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास भी है।



