BP NEWS CG
Breaking Newsकवर्धाछत्तीसगढ़बड़ी खबरसमाचारसिटी न्यूज़

नकली नोटों का बड़ा खेल बेनकाब: 13 जुलाई को खरीदा प्रिंटर, किराए के कमरे में छापे नोट, 12.50 लाख की नकली करेंसी जब्त

Flex 10x20 new_1
previous arrow
next arrow

कवर्धा। कबीरधाम जिले में नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बोडला थाना क्षेत्र की पोंडी चौकी और साइबर टीम की कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे और प्रकरण से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर कुल 12.50 लाख रुपये के नकली नोट, कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और एक टाटा पंच ईवी कार बरामद की गई है। गिरोह जुलाई 2026 से नकली नोट छापने के कारोबार में सक्रिय था।

मामला तब खुला जब ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने उधार दिए गए 3.75 लाख रुपये वापस लेने के लिए घुरवा राम से संपर्क किया। 9 अगस्त की रात घुरवा राम ने रकम सतीश कुमार के माध्यम से पोंडी शराब भट्टी के पास देने की बात कही। दिनेश कुमार अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ वहां पहुंचा। सतीश कुमार और उसके साथी ने काले रंग के बैग में रकम सौंपी। रकम की जांच हुई तो नोट संदिग्ध निकले। बैग खोलने पर 500-500 रुपये के 4.50 लाख रुपये के नकली नोट सामने आए।

मामले की शिकायत 10 अगस्त को पोंडी चौकी में पहुंची तो पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में सतीश कुमार ने नकली नोट तैयार करने के नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने तालपुर निवासी रामप्रसाद उर्फ रमऊ और कान्हाभैरा निवासी घुरवा राम को भी गिरफ्तार कर लिया।

नए बस स्टैंड के पास किराए के कमरे में चल रहा था नकली नोटों का धंधा

जांच में सामने आया कि रामप्रसाद उर्फ रमऊ और सतीश कुमार ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके बाद रामप्रसाद ने नए बस स्टैंड के पास किराए पर कमरा लिया। इसी कमरे में घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार किए जाते थे। तैयार नकली नोटों को सतीश कुमार और रामप्रसाद मिलकर आगे पहुंचाते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नकली नोटों को असली रकम के तौर पर चलाने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत उधारी की रकम लौटाने के बहाने 4.50 लाख रुपये की नकली करेंसी प्रार्थी को थमाई गई।

आरोपियों के पास से लाखों की नकली करेंसी और प्रिंटर बरामद

पुलिस कार्रवाई में सतीश कुमार से 2 लाख रुपये, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख रुपये, जबकि घुरवा राम से 1.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। इसके अलावा प्रकरण में प्रार्थी से बरामद 4.50 लाख रुपये के नकली नोट भी जब्ती में शामिल हैं।

इस तरह कुल 12.50 लाख रुपये की नकली करेंसी, एक कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और नकली नोटों की डिलीवरी में इस्तेमाल की गई टाटा पंच ईवी कार जब्त की गई है।

अब खंगाला जा रहा नकली नोटों का पूरा नेटवर्क

पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आरोपियों ने जुलाई से अब तक कितने नकली नोट तैयार किए, किन-किन लोगों तक पहुंचाए और जिले के किन इलाकों में इन्हें खपाने की कोशिश की गई। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नकली नोटों के संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

प्रकरण में चौकी पोंडी थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत बीएनएस की धारा 179, 318(4) में अपराध दर्ज किया गया है। बाद में धारा 178, 180 और 181 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सतीश कुमार (33), निवासी मजगांव रोड थाना कवर्धा; रामप्रसाद उर्फ रमऊ (56), निवासी तालपुर थाना सिटी कोतवाली कवर्धा; तथा घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा थाना पिपरिया शामिल हैं।

कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, पोंडी चौकी प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव सहित साइबर एवं चौकी पोंडी की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस ने आमजन से संदिग्ध नोटों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। नकली नोट संबंधी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस थाना या चौकी को सूचना देने कहा गया है।

IMG-20250710-WA0006
previous arrow
next arrow

Related posts

जिला पंचायत अध्यक्ष के पदों का हुआ आरक्षण : ओबीसी को एक भी नहीं

Bhuvan Patel

नील गाय के शिकार करने वाले आरोपियों को वन विभाग के टीम ने पकड़ा

Bhuvan Patel

1 दिसम्बर को अयोध्या से प्राप्त अक्षत कलश , निमंत्रण पत्र, चित्र का भव्य स्वागत किया जाएगा

Bhuvan Patel

Leave a Comment

error: Content is protected !!