कुकदूर पुलिस की कार्रवाई: 15 दिन इलाज के बाद हुई थी सुकलाल बैगा की मौत, हत्या के बाद फरार था आरोपी
कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद में अपने ही चाचा सुकलाल बैगा पर लकड़ी के डंडे से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी फूलसिंह बैगा को पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। कुकदूर पुलिस ने सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जिला सांगारेड्डी, तेलंगाना से उसे दबोच लिया।
मामला ग्राम बैगापारा पोलमी का है। पुलिस के अनुसार 2 दिसंबर 2024 को फूलसिंह बैगा का अपने चाचा सुकलाल बैगा पिता रावन बैगा, उम्र 55 वर्ष, से सामान्य बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज और धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे से सुकलाल के सिर सहित शरीर पर कई वार किए। हमले में सुकलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर 3 दिसंबर को थाना कुकदूर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(2) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट सामने आने के बाद धारा 117(2) भी जोड़ी गई।
इलाज के दौरान 17 दिसंबर 2024 की रात सुकलाल बैगा की मौत हो गई। इसके बाद 18 दिसंबर को मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना में सामने आया कि फूलसिंह द्वारा डंडे से किए गए हमले में लगी गंभीर चोटों के बाद सुकलाल की मृत्यु हुई। इसके आधार पर प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई।
चाचा की मौत की जानकारी मिलने के बाद फूलसिंह फरार हो गया। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी तेलंगाना के जिला सांगारेड्डी अंतर्गत बोंथापल्ली क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना पर कुकदूर पुलिस टीम तेलंगाना पहुंची और स्थानीय स्तर पर पतासाजी करते हुए थाना गुम्माडीडाला क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी फूलसिंह बैगा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए जेएमएफसी न्यायालय पंडरिया में पेश किया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय, साइबर थाना टीम और महिला आरक्षक बिमला धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।