तीजा तिहार के अवसर पर पंडरिया में गुरुवार को मातृशक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में विधायक भावना बोहरा की ओर से आयोजित तीज मिलन समारोह में विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। हरियाली, पारंपरिक साज-सज्जा और सांस्कृतिक रंगों से सजे आयोजन में महिलाओं ने लोकगीत, मेहंदी और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तीज पर्व की उमंग को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। पारंपरिक परिधानों में पहुंची महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। तीज क्वीन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता और उपविजेता को विधायक भावना बोहरा ने सम्मानित किया। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि तीज केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और नारी शक्ति का उत्सव है। भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना से जुड़ा यह पर्व महिलाओं के प्रेम, संकल्प, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी खुशियां साझा करने के साथ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज परंपराओं की संवाहक होने के साथ-साथ समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती-किसानी से लेकर शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र तक महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
भावना बोहरा ने महतारी वंदन योजना, लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंडरिया की मातृशक्ति की ऊर्जा और प्रतिभा क्षेत्र की बड़ी ताकत है। महिलाओं को मंच देने और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
समारोह में पंडरिया विधानसभा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों की अध्यक्ष, महिला जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं सहित विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।