BP NEWS CG
Breaking Newsकवर्धासिटी न्यूज़

कबीरधाम में 12.50 लाख चोरी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार, 11.53 लाख बरामद

Flex 10x20 new_1
previous arrow
next arrow

सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से 12.50 लाख रुपये चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों तथा लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर 12.50 लाख रुपये चोरी कर ले गया। घटना के दौरान परिवार के लोगों ने गमछे से चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था। घटनास्थल के आसपास शराब की शीशी, कुएं में फेंका गया पर्स और गली में रकम रखने वाला खाली बैग भी मिला था।

मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। बड़ी रकम की चोरी को देखते हुए साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तकनीकी जानकारी, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की।

जांच में मझगांव निवासी कमलेश पटेल (19) की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार गणेश चतुर्थी के दिन गांव के लोग पंडाल में व्यस्त थे। इसी दौरान कमलेश अपने पुराने मकान में गया और अंधेरा होने का इंतजार किया। पुराना मकान और प्रार्थी का मकान आपस में जुड़े होने के कारण आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ।

पुलिस पूछताछ के अनुसार आरोपी ने कमरे में पहुंचकर बल्ब निकाल दिया और आलमारी का लॉकर खोलकर 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल तथा पर्स निकाल लिए। रकम को गमछे में बांधकर पुराने मकान में ले गया और दूसरी मंजिल के कमरे के छज्जे में छिपा दिया।

पुलिस के मुताबिक अगले दिन कमलेश ने चोरी की जानकारी अपने पिता भागवत पटेल (50) को दी। इसके बाद दोनों ने रकम को पुराने मकान से निकालकर नए मकान में रखा। कुछ समय बाद रकम को खेत में बने बोर के कमरे में भी रखा गया। बारिश के दौरान उसे वापस घर की आलमारी में रख दिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 11.53 लाख रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में कुछ रकम खर्च किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। कमलेश द्वारा करीब 47 हजार रुपये खाने-पीने आदि में खर्च करना बताया गया, जबकि भागवत पटेल द्वारा करीब 50 हजार रुपये वाहन की मरम्मत और पार्ट्स खरीदने में खर्च किए जाने की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 29 सितंबर को उनके मकान से गिरफ्तार किया। बरामद रकम को विधिवत जब्त कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

IMG-20250710-WA0006
previous arrow
next arrow

Related posts

मेडिकल की होनहार छात्रा ने की आत्महत्या: मानसिक तनाव बना कारण, फांसी लगाकर दी जान

Bhuvan Patel

डीपीएस कवर्धा में संवेदनशीलता और संरक्षण की मिसाल बनी कार्यशाला

Bhuvan Patel

घरेलू विवाद बना हत्या की वजह, पत्नी की नृशंस हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Bhuvan Patel

Leave a Comment

error: Content is protected !!