तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान अभियान के तहत पंडरिया में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कूलों के आसपास 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 24 दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों और कोटपा अधिनियम-2003 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। टीम ने पान, किराना, थोक सहित अन्य दुकानों की भी जांच की और 18 वर्ष से कम आयु के लोगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने तथा स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री नहीं करने की हिदायत दी।
पंडरिया में हुई कार्रवाई के बाद अब कवर्धा, बोडला, सहसपुर लोहारा, पिपरिया, पांडातराई समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में भी स्कूलों के आसपास 100 गज के दायरे में नियमित जांच की जरूरत है। केवल एक क्षेत्र में कार्रवाई के बजाय जिलेभर में अभियान चलने से तंबाकू बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण और विद्यार्थियों के लिए तंबाकू मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।