कवर्धा। दीपावली से पहले जुए के फड़ सजने लगे हैं। पांडातराई थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई में जुआ खेलते आठ लोगों को पकड़ा गया, जबकि अवैध शराब बिक्री के मामले में एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने जुआरियों से 7,700 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की। वहीं, शराब बिक्री के मामले में 3,600 मिलीलीटर शराब और 100 रुपये की बिक्री रकम जब्त की गई।
खुरमुंदा में जुआ खेलते आठ पकड़े गए
पुलिस के अनुसार, ग्राम खुरमुंदा स्थित खार में रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से हार-जीत का जुआ खेला जा रहा था। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आठ लोगों को पकड़ा। इनमें मुकेश चंद्रवंशी निवासी गंडईकला, परमेश्वर साहू निवासी खड़ौदाकला, उत्तम चंद्रवंशी निवासी गंडईकला, दिनेश चंद्रवंशी और मधुसूदन यादव निवासी कुसुमघटा, मिथलेश साहू एवं ज्ञानिक साहू निवासी गंडईकला तथा पप्पू चंद्रवंशी निवासी बोईरकछरा शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से 7,700 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की। मामले में अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
खरहट्टा में अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
पुलिस ने 21 अक्टूबर को ग्राम खरहट्टा मेन रोड पर दुकान के सामने अवैध रूप से शराब बेचने के मामले में जितेन्द्र चंद्रवंशी (32), पिता रामशरण चंद्रवंशी, निवासी गंडईकला को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 3,600 मिलीलीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 1,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की 100 रुपये की रकम भी जब्त की गई।
इस मामले में थाना पांडातराई में अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
त्योहारी सीजन में पुलिस की निगरानी पर जोर
दीपावली के दौरान जुआ और अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे में संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। पांडातराई क्षेत्र में सामने आए इन मामलों ने त्योहारी सीजन में ऐसी गतिविधियों पर नियंत्रण की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला के नेतृत्व में पांडातराई पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि जुआ, अवैध शराब बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।