BP NEWS CG
Breaking Newsकवर्धाछत्तीसगढ़समाचारसिटी न्यूज़

बाल विवाह पर रोक लगाने ग्राम सभाओं में 27 नवंबर को उठेगी आवाज, कानून और सामाजिक जिम्मेदारी पर होगा मंथन

Flex 10x20 new_1
previous arrow
next arrow

कवर्धा। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 27 नवंबर को कबीरधाम जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत आयोजित इन ग्राम सभाओं में बाल विवाह के दुष्परिणाम, बच्चों के अधिकार, कानूनी प्रावधान और रोकथाम के उपायों पर चर्चा कर ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। हालांकि, जिले में प्रतिवर्ष दर्जनों बाल विवाह होने की स्थिति इस अभियान की गंभीरता को रेखांकित करती है। सामाजिक जागरूकता के प्रयासों के बावजूद बाल विवाह पर पूरी तरह रोक लगा पाना ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

बाल विवाह केवल एक पारिवारिक या सामाजिक परंपरा का मामला नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर सामाजिक अपराध है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाओं की पढ़ाई बाधित होती है। कम उम्र में गर्भधारण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का खतरा रहता है। इसके अलावा मानसिक दबाव, आर्थिक निर्भरता, घरेलू जिम्मेदारियों का बोझ और अपने जीवन से जुड़े निर्णय लेने की स्वतंत्रता प्रभावित होती है। बाल विवाह बच्चों के सर्वांगीण विकास के रास्ते में बड़ी बाधा है।

कानून की नजर में विवाह की उम्र

बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के अनुसार 21 वर्ष से कम आयु का युवक और 18 वर्ष से कम आयु की युवती बालक की श्रेणी में आते हैं। इनमें से किसी एक की भी निर्धारित उम्र पूरी नहीं होने पर होने वाला विवाह बाल विवाह माना जाता है। अधिनियम की धारा 9 के तहत बाल विवाह करने वाले वयस्क पुरुष को दो वर्ष तक कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। धारा 10 के तहत बाल विवाह संपन्न कराने वाले पुरोहित, आयोजक अथवा इसमें सहयोग करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भी कार्रवाई का प्रावधान है।

वहीं धारा 11 के तहत माता-पिता, अभिभावक अथवा बाल विवाह को बढ़ावा देने, अनुमति देने या रोकने में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। अधिनियम के तहत ये अपराध संज्ञेय और गैर-जमानती हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि कानून केवल विवाह कराने वालों को ही नहीं, बल्कि बाल विवाह को प्रोत्साहित करने वाले तंत्र को भी जवाबदेह बनाता है। 

ग्राम पंचायत सचिवों की भी होगी अहम भूमिका

कबीरधाम जिले में आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा में ग्राम पंचायतों को विवाह पूर्व पंजीयन और वर-वधू की आयु का सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी अधिसूचित किया गया है। ऐसे में सचिवों की जिम्मेदारी केवल पंचायत के प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांव में होने वाले विवाहों की निगरानी और बाल विवाह की आशंका की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

ग्राम सभा के माध्यम से कोटवारों द्वारा गांवों में मुनादी कराने, विवाह की निर्धारित उम्र की जानकारी देने और बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और पंचायत प्रतिनिधि इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी बनेंगे।

बाल विवाह मुक्त पंचायत का प्रस्ताव बनेगा सामाजिक संकल्प

विशेष ग्राम सभा में उन ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त पंचायत घोषित करने का प्रस्ताव पारित करने पर चर्चा होगी, जहां वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में बाल विवाह संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यह पहल गांवों को बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेने के लिए प्रेरित करेगी। इसके साथ ही बच्चों के पोषण, कुपोषण की रोकथाम, आंगनबाड़ी सेवाओं और बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की जाएगी। 

सवाल जागरूकता का नहीं, सामाजिक मानसिकता बदलने का

कबीरधाम जिले के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बाल विवाह की घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर प्रतिवर्ष दर्जनों बाल विवाह होने की बात सामने आती रही है। हालांकि, इन घटनाओं का समग्र आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि बाल विवाह रोकने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का जमीनी असर कितना हो रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार सामाजिक परंपरा, आर्थिक तंगी, अशिक्षा, परिवार की प्रतिष्ठा और कम उम्र में बेटियों के विवाह को लेकर बनी पुरानी सोच बाल विवाह की वजह बनती है। परिवार के लोग विवाह को निजी मामला मानकर इसकी जानकारी छिपाते हैं। कई मामलों में ग्रामीणों को जानकारी होने के बावजूद सामाजिक संबंधों और पारिवारिक दबाव के कारण वे सामने आने से बचते हैं। यही परिस्थितियां प्रशासन की कार्रवाई को चुनौतीपूर्ण बनाती हैं।

बाल विवाह की सूचना मिलने पर समय रहते हस्तक्षेप करना सबसे जरूरी है। इसके लिए केवल ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित करना पर्याप्त नहीं होगा। पंचायत प्रतिनिधियों को गांव में होने वाले विवाहों पर निगरानी रखनी होगी और संदिग्ध मामलों में तत्काल प्रशासन, पुलिस अथवा संबंधित बाल संरक्षण अधिकारियों को सूचना देनी होगी। बाल विवाह की आशंका होने पर सक्षम न्यायिक मजिस्ट्रेट निषेधाज्ञा जारी कर विवाह रुकवाने की कार्रवाई भी कर सकते हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा 27 नवंबर 2024 को शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करना और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना है।

अब कबीरधाम की विशेष ग्राम सभाओं से यह अपेक्षा रहेगी कि जागरूकता केवल भाषणों और प्रस्तावों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों में बाल विवाह रोकने के लिए स्थायी सामाजिक निगरानी व्यवस्था विकसित हो। क्योंकि बाल विवाह के खिलाफ असली सफलता तभी मानी जाएगी, जब किसी बेटी का बचपन सामाजिक दबाव और पारिवारिक मजबूरी के कारण समय से पहले विवाह की जिम्मेदारियों में न खो जाए।

IMG-20250710-WA0006
previous arrow
next arrow

Related posts

मुख्यकार्यपालन अधिकारी के आदेश से सरपंच सचिव परेशान कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम में मजदूरों को उपस्थिति के लिए जारी किया आदेश

Bhuvan Patel

भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना कवर्धा में पेराई सत्र 2024-25 में गन्ना पेराई बंद होने की तृतीय एवं अंतिम सूचना

Bhuvan Patel

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुतियापाट नहर विस्तारीकरण सहित 80 करोड़ की सिंचाई और पेयजल योजनाओं की दी सौगात, विधायक भावना बोहरा ने जताया आभार

Bhuvan Patel

Leave a Comment

error: Content is protected !!