तरेगांव वन परिक्षेत्र के वनांचल गांवों में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चार हाथियों का झुंड अब आबादी वाले इलाकों में पहुंचकर मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है। 22-23 नवंबर की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच ग्राम पंचायत केसमरदा के कावलधारा झरना के ऊपर बसे मोहल्ले में चार हाथियों ने दो मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घरों में रखी खाद्य सामग्री को खाकर इधर-उधर बिखेर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बुधसिंह बैगा और सोना बैगा के मकानों को हाथियों ने तोड़ दिया। बुधसिंह बैगा ने अपने घर में बेटे-बेटी की शादी के लिए चावल का भंडारण कर रखा था। घर में करीब नौ बोरी चावल रखे थे, जिनमें से लगभग आठ बोरी चावल हाथियों ने खा लिया। खाद्य सामग्री के नुकसान के साथ मकानों के क्षतिग्रस्त होने से दोनों परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। पिछले एक सप्ताह से इस क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीण भय के माहौल में जीवन गुजार रहे हैं।
भुरसीपकरी में भी मकान तोड़ा, सुकझर जंगल में हाथियों की मौजूदगी
हाथियों का उत्पात यहीं नहीं थमा। 23 नवंबर को ग्राम पंचायत भुरसीपकरी में साखिन बाई बैगा पति तिकतू बैगा के मकान को भी हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथियों की मौजूदगी अभी भी ग्राम सुकझर के जंगल में बनी हुई है। लगातार अलग-अलग गांवों में मकान क्षति की घटनाओं से वनांचल के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मुनादी के बाद भी दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
वन विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं के बीच ग्रामीणों को सुरक्षा के ठोस इंतजाम की जरूरत महसूस हो रही है। रात में बिजली बंद होने से खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीण अलाव जलाकर और जागकर रात काटने को मजबूर हैं। घरों में छोटे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में अनहोनी का डर बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लोकेशन की समय पर जानकारी, रात में वन विभाग की गश्ती और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था जरूरी है। वन विभाग को प्रभावित परिवारों के मकानों और खाद्यान्न की क्षति का तत्काल आकलन कर नियमानुसार मुआवजा देना चाहिए। हाथियों की लगातार आवाजाही के बीच केवल मुनादी पर्याप्त नहीं है। वनवासी परिवारों को सुरक्षित रखने के लिए मौके पर प्रभावी निगरानी और त्वरित सहायता व्यवस्था जरूरी हो गई है।