शुष्क दिवस के दिन अवैध शराब भंडारण व बिक्री पर आबकारी विभाग की सख्त कार्यवाही, तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज
गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर पूरे जिले में शुष्क दिवस घोषित होने के बावजूद कबीरधाम में अवैध शराब के कारोबार की कोशिशें सामने आईं। आबकारी विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में देशी मदिरा जब्त की है।
आबकारी आयुक्त सुश्री आर. संगीता एवं कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री अजय सिंह धुर्वे के मार्गदर्शन में दिनांक 18.12.2025 को यह कार्रवाई की गई। गश्त के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना पर आबकारी वृत्त कवर्धा की टीम ने पिपरिया थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी।
तीनों मामलों में मौके पर ही मदिरा को विधिवत जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
शुष्क दिवस पर सख्ती का स्पष्ट संदेश
गुरु घासीदास जयंती जैसे पावन अवसर पर शुष्क दिवस की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि सामाजिक एवं संवैधानिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोज कुमार राठौर के पर्यवेक्षण में, आबकारी वृत्त कवर्धा प्रभारी गीता साहू के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्रवाई में वृत्त बोड़ला प्रभारी अभिनव कुमार रायजादा, वृत्त सहसपुर लोहारा प्रभारी रामानंद दीवान, आबकारी मुख्य आरक्षक विद्या सिंह परमार, जगदीश उईके तथा आरक्षक अमर पिल्ले, कमल मेश्राम, आकाश सिंह का विशेष योगदान रहा।