कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा एक बार फिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की अगवानी के लिए तैयार हो रहा है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला संत समागम (माघ मेला) इस वर्ष 23 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। मेला की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पंथ प्रतिनिधियों के बीच समन्वय तेज हो गया है।
शुक्रवार को सद्गुरु कबीर धर्मदास साहब वंशवली प्रतिनिधि सभा प्रांगण में आयोजित समीक्षा बैठक में पंथ श्री हुजूर प्रकाशमुनि नाम साहब की अध्यक्षता एवं कलेक्टर दीपक सोनी की मौजूदगी में मेला व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आयोजन को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।
पंथ श्री हुजूर प्रकाशमुनि नाम साहब ने बैठक में बताया कि 23 जनवरी 2026 को नवोदित वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहब का चादर तिलक समारोह आयोजित होगा, जिससे इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर दीपक सोनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला प्रारंभ होने के तीन दिन पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए 700 से अधिक स्टैंड पोस्ट, 15 पावर पंप, 2–3 स्पेयर पंप और 5–6 टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मेला क्षेत्र में नगर पालिका भाटापारा एवं सिमगा द्वारा 100 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी रहेगी। वहीं पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त बल तैनात किया जाएगा, जिसमें सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगे।
वाहन पार्किंग के लिए बेमेतरा रोड, बिलासपुर रोड और रायपुर रोड पर पृथक-पृथक व्यवस्थाएं की जाएंगी। मुख्य मेला क्षेत्र के साथ-साथ पार्किंग स्थलों पर भी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए आसपास के गांवों के स्कूल, सामुदायिक भवन और हॉस्टल उपयोग में लाए जाएंगे। साफ-सफाई को लेकर सिमगा और भाटापारा नगरीय निकाय के सफाई कर्मचारी दिन-रात तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे चिकित्सा सुविधा एवं एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि अग्निशमन विभाग की टीम भी मेला स्थल पर मौजूद रहेगी।
कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार, 23 जनवरी को प्रातः 9 बजे चादर तिलक समारोह, संध्याकाल में गुलालोत्सव एवं प्रगटोत्सव आयोजित होगा। इसके बाद 24 जनवरी से 1 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातःकाल गुरुपाठ, दिन में अनुराग सागर पाठ, संध्या पाठ और भजन-कीर्तन होंगे। 28 जनवरी से रात्रिकालीन सभा में पंथ श्री हुजूर प्रकाशमुनि नाम साहब के दर्शन एवं आशीर्वचन प्राप्त होंगे।
30 जनवरी को सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन की आमसभा, 31 जनवरी को आमिन माता महिला मंडल की आमसभा तथा 1 फरवरी को पूर्णिमा व्रत एवं सात्विक यज्ञ के साथ मेला का समापन होगा। इसके पश्चात 2 फरवरी को सामूहिक दीक्षांत समारोह और 3 फरवरी को सामूहिक चलावा चौकी आरती आयोजित की जाएगी।
बैठक में पंथ प्रकाश छोटे साहब, डॉ. भानुप्रताप साहब, डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ दिव्या अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, एसडीएम अतुल शेट्टे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।