जिले में घटित तोड़फोड़ एवं आगजनी की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस ने न्यायालयीन प्रक्रिया का पालन करते हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख एवं प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आज दिनांक 14 जनवरी 2026 को आरोपी अमित बघेल को थाना सिटी कोतवाली में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 378/2024 के तहत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण की विस्तृत विवेचना, तकनीकी विश्लेषण तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त प्रमाण पाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 11 जनवरी 2026 को इसी प्रकरण में संलिप्त छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से जुड़े अजय वर्मा एवं दिनेश कुमार वर्मा उर्फ मंडल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा आगजनी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर लगातार गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने अब तक करीब 100 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच जारी है। अमित बघेल की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल 199 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिससे प्रकरण की गंभीरता और व्यापकता स्पष्ट होती है।
आरोपी का विवरण:
अमित बघेल, पिता रामकुमार बघेल, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम पथरी थाना धरसीवा, वर्तमान पता कंचन गंगा फेस-02, सरस्वती शिशु मंदिर के पास, थाना डीडी नगर, रायपुर जिला रायपुर।