छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में संगठित अपराध का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र कुकूरदी में स्वयं को मजदूर यूनियन अध्यक्ष बताकर श्रमिकों को झूठे प्रलोभन, धमकी और भयादोहन के जरिए काम बंद कराने वाले आरोपी को थाना सुहेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दिलीप वर्मा ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर औद्योगिक शांति को भंग करने की साजिश रची, संयंत्र के मुख्य द्वार पर श्रमिकों को एकत्र कर जबरन कार्य बंद कराया, चक्का जाम कराया और काम पर जाने वाले कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, डर का माहौल बनाकर अवैध रूप से पैसे की वसूली भी की गई।
प्रार्थी बृजेश कुमार दुबे (निवासी बलौदाबाजार) की रिपोर्ट पर थाना सुहेला में अपराध क्रमांक 09/2026 दर्ज कर संगठित अपराध की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में त्वरित जांच करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने संगठित रूप से अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को दिनांक 17.01.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि औद्योगिक संस्थानों में अराजकता, जबरन वसूली और चक्का जाम जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।