कवर्धा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के अंतर्गत चल रहे ई के वाय सी अभियान में कबीरधाम जिले ने प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। जारी एमवीवाई ई के वाय सी प्रोग्रेस रिपोर्ट के अनुसार कबीरधाम जिले में कुल लक्ष्य 2 लाख 40 हजार 709 हितग्राहियों का था, जिसमें से 2 लाख 21 हजार 923 हितग्राहियों का ई के वाय सी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिले की उपलब्धि का प्रतिशत 92.20 रहा, जो प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल है।
यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिले के जमीनी अमले, CSC ऑपरेटरों, तकनीकी सहायकों और प्रशासनिक टीम की लगातार मेहनत का परिणाम है। भीषण गर्मी, नेटवर्क की समस्याएं और ग्रामीण क्षेत्रों की चुनौतियों के बावजूद कबीरधाम जिले की टीम लगातार गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं का ई के वाय सी कार्य पूरा कराने में जुटी रही। यही कारण है कि जिला प्रदेश में दूसरे पायदान पर पहुंचने में सफल रहा।
रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 557 CSC आईडी पंजीकृत हैं, जिनमें 520 सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। लगातार अभियान चलाकर जिले में प्रतिदिन हजारों हितग्राहियों का सत्यापन किया गया। 22 मई से 26 मई के बीच जिले में प्रतिदिन प्रभावी प्रगति दर्ज की गई, जिससे जिले की रैंकिंग लगातार मजबूत बनी रही।
जिले की इस सफलता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी संतोष का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वयं आगे आकर ई के वाय सी प्रक्रिया पूर्ण कराई, जिससे योजना का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। पंचायत स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।
हालांकि इस शानदार उपलब्धि के पीछे कार्य कर रहे CSC संचालकों और ई के वाय सी कार्य में लगे कर्मियों के बीच एक बड़ी चिंता भी सामने आ रही है। जमीनी स्तर पर लगातार काम करने वाले ऑपरेटरों का कहना है कि अब तक उन्हें उनके कार्य का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। कई कर्मी सुबह से देर रात तक गांवों में पहुंचकर हितग्राहियों का सत्यापन कर रहे हैं, लेकिन मेहनताना नहीं मिलने से उनके बीच मायूसी का माहौल है।
कई ऑपरेटरों का कहना है कि शासन की महत्वपूर्ण योजना को सफल बनाने के लिए उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, लेकिन भुगतान लंबित रहने से आर्थिक परेशानी बढ़ रही है। इसके बावजूद अधिकांश कर्मी योजना को सफल बनाने के उद्देश्य से निरंतर काम में जुटे हुए हैं। कबीरधाम जिले की उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जमीनी टीम का समन्वय मजबूत हो तो सीमित संसाधनों में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करना जिले के लिए गौरव की बात है। अब जरूरत इस बात की है कि जिन कर्मियों और CSC संचालकों ने इस अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उन्हें समय पर भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनका मनोबल और अधिक मजबूत हो सके।
महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की बड़ी पहल मानी जा रही है। ऐसे में कबीरधाम जिले की यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक सफलता है, बल्कि यह ग्रामीण स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का मजबूत उदाहरण भी बनकर सामने आई है।