पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बस्तर जिला पत्रकार संघ द्वारा 11 जून 2026 (गुरुवार) को जगदलपुर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह धरना दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सिटी ग्राउंड के सामने आयोजित होगा।
बस्तर जिला पत्रकार संघ का कहना है कि छत्तीसगढ़ मीडियाकर्मी सुरक्षा विधेयक लागू होने के बावजूद पत्रकारों से जुड़े मामलों में कई बार बिना समुचित जांच के कार्रवाई की जा रही है, जिससे पत्रकारों में असंतोष व्याप्त है। इसी विषय को लेकर पत्रकारों की बैठक में सर्वसम्मति से धरना आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस आंदोलन को छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे ने अपने जारी बयान में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा सम्मान की रक्षा के लिए संगठन सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बस्तर जिला पत्रकार संघ द्वारा आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होकर अपना समर्थन दर्ज कराएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे ने बस्तर संभाग के सभी पत्रकार साथियों से अपील करते हुए कहा कि पत्रकार हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर एकजुटता दिखाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब भी पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा का प्रश्न सामने आएगा, छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी।
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन पटेल ने भी सभी पत्रकार साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और संगठन पत्रकार हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा।
बस्तर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता एवं समस्त पदाधिकारियों ने पत्रकार समुदाय से लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।