सात साल की मासूम बच्ची की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया। तोरवा थाना क्षेत्र में एक युवक ने बच्ची को 500 रुपये का नोट दिखाकर बहलाने की कोशिश की और गलत मंशा से अपने साथ ले गया। लेकिन बच्ची ने साहस और सूझबूझ से आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाया और तुरंत परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना उस समय की है जब बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी आरोपी परमेश्वर पटेल नामक युवक ने उसे 500 रुपये देने का लालच देकर अपने साथ चलने को कहा। वह बच्ची को बहलाकर सुनसान स्थान की ओर ले जाने लगा, लेकिन बच्ची ने अचानक मौके की नजाकत समझी और उसका हाथ छुड़ाकर भाग निकली। वह सीधे अपने चाचा के पास पहुंची और उन्हें सारी बात बताई।
बच्ची की आपबीती सुन परिजन आक्रोशित हो उठे और आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे तोरवा थाना लेकर पहुंचे और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने बच्ची की सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि यदि बच्ची ने समय रहते समझदारी न दिखाई होती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी अवश्य दें, ताकि वे खुद को ऐसी घटनाओं से बचा सकें और समय पर मदद ले सकें।
यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि बच्चों को सतर्क बनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।