कवर्धा। पंडरिया विधानसभा में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से क्षेत्र में सड़क नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है। बजट वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा तीन बहुप्रतीक्षित सड़कों के निर्माण एवं मजबूतीकरण के लिए ₹14 करोड़ 14 लाख 35 हजार की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
स्वीकृत कार्यों में प्रधानमंत्री सड़क से जुड़ते हुए ग्राम डेंगुरु जाम से अमनिया मार्ग तक 3.20 किमी सड़क निर्माण के लिए ₹5 करोड़ 79 लाख 19 हजार, भरतपुर-घोघरा मार्ग 3.50 किमी के लिए ₹6 करोड़ 12 लाख 10 हजार तथा ग्राम महली से नानापुरी तक 3 किमी सड़क मजबूतीकरण हेतु ₹2 करोड़ 23 लाख 6 हजार की स्वीकृति शामिल है। इन परियोजनाओं से डेंगुरु जाम, टेडापानी, अमनिया, भगतपुर, घोघरा, महली और नानापुरी सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सड़क निर्माण से न केवल ग्रामीणों को सुगम और सुरक्षित आवागमन मिलेगा, बल्कि कृषि उत्पादों के परिवहन, व्यापारिक गतिविधियों और शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। बारहमासी सड़क संपर्क से आपातकालीन सेवाओं, पोषण कार्यक्रमों और दैनिक जीवन की आवश्यकताओं में भी सुविधा बढ़ेगी।
विधायक भावना बोहरा ने इन कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक ग्राम तक मजबूत और सर्व मौसम सड़क संपर्क सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंडरिया विधानसभा में लगभग 500 किलोमीटर सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन कार्य प्रगति पर है, जो क्षेत्र की तस्वीर बदल रहा है। सिंचाई परियोजनाओं में 300 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों से किसानों को लाभ मिल रहा है और पेयजल आपूर्ति में सुधार हुआ है। पुल-पुलिया निर्माण से वर्षभर कनेक्टिविटी बनी रहती है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
इसके साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता के कार्यों को गति मिली है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नालंदा लाइब्रेरी परिसर, मिनी स्टेडियम, नवीन महाविद्यालय, स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन तथा पंडरिया व पांडातराई बाइपास जैसे महत्वपूर्ण अधोसंरचना कार्यों से क्षेत्र समग्र विकास की दिशा में अग्रसर है।
पंडरिया में सड़क विस्तार केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि समग्र विकास की सोच का परिणाम है। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम बढ़े हैं और पंडरिया विधानसभा एक आदर्श विकास मॉडल के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रही है।