सोशल मीडिया पर डाले गए एक कथित धमकी भरे इंस्टाग्राम स्टेटस ने खोरसीनाला क्षेत्र में हिंसक वारदात का रूप ले लिया। एक 19 वर्षीय युवक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की भी कोशिश की गई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भरूवाडीह थाना पलारी निवासी भीमबली साहू (19 वर्ष) ने 23 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे उसे खोरसीनाला, बलौदाबाजार के पास बुलाया गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने एक राय होकर उसे अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और क्रिकेट बैट, स्टिक व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
विवाद की जड़: इंस्टाग्राम पर धमकी भरा स्टेटस
पूरे घटनाक्रम की जड़ सोशल मीडिया बना। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रार्थी द्वारा 21 अप्रैल को अपने इंस्टाग्राम आईडी से मुख्य आरोपी राहुल भारती और अन्य के संबंध में कथित धमकी भरा स्टेटस पोस्ट किया गया था। इसी पोस्ट से नाराज होकर आरोपियों ने युवक को “सबक सिखाने” की साजिश रची।
योजना के तहत उसे खोरसीनाला क्षेत्र में बुलाया गया और सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर युवक के शरीर पर उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो जाने से आरोपी घबरा गए और फरार हो गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हत्या की कोशिश में दर्ज हुआ मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 336/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस ने दबिश देकर 24 अप्रैल को सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
राहुल भारती (23) – भैंसापसरा, बलौदाबाजार
हरीश कुमार साहू उर्फ मानु (21) – रायपुर रोड, बलौदाबाजार
विकास भारती उर्फ झोल्टू/राकी (22) – भैंसापसरा
चंद्र प्रकाश डोंगरे उर्फ मिर्ची (25) – वार्ड 12, बलौदाबाजार
अमन भारती (22) – पहंदा रोड, बलौदाबाजार
राहुल यादव उर्फ जैकर (28) – कल्याण सागर पारा, भाटापारा
दुर्गेश दास मानिकपुरी (19) – ग्राम पहंदा
साहिल भारती उर्फ सदल्लू (18) – भैंसापसरा
विधि से संघर्षरत एक बालक
सोशल मीडिया की आंच में झुलसता युवा वर्ग
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट किस तरह वास्तविक दुनिया में खून-खराबे की वजह बन सकती है। एक डिजिटल स्टेटस ने न केवल दो पक्षों के बीच तनाव को भड़काया, बल्कि हत्या की कोशिश तक मामला पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। लेकिन सवाल यही है—क्या सोशल मीडिया की आभासी दुश्मनी अब सड़कों पर जानलेवा टकराव में बदलती जा रही है।