पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल चोरी में संलिप्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 ट्रैक्टर, 07 चोरी की मोटरसाइकिल और 01 वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। जप्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर यह सफलता मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मोटरसाइकिल चोरी करते थे, बाद में ज्यादा मुनाफे के लालच में ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई। 11-12 जनवरी की रात लोरमी में गायत्री मंदिर के पास खड़े ट्रैक्टर को चोरी कर उसे अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बघमार मेला, मुंगेली व्यापार मेला सहित अन्य स्थानों से कुल 7 मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल किया। सायबर सेल और लोरमी, सिटी कोतवाली व फास्टरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पूरे गिरोह की कड़ियाँ खुलती चली गईं।
आरोपियों के विरुद्ध थाना लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली एवं थाना फास्टरपुर में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें और घर-दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं।