जिले में एटीएम काटकर बड़ी चोरी की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। लोहारा थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक आरोपी को गैस कटर सहित रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नंदलाल साहू (30) कर्ज से परेशान था और यूट्यूब वीडियो देखकर एटीएम काटने की तकनीक सीखकर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
पुलिस को पहले भी एटीएम काटने के प्रयास की सूचना मिली थी, जिसके बाद लगातार निगरानी और हर घंटे एटीएम चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान 24 मार्च की रात संदिग्ध हालत में आरोपी को एटीएम के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान में एटीएम काटने की कोशिश कर चुका था, लेकिन हर बार असफल रहा। आरोपी के पास से गैस कटर, सिलेंडर, सब्बल, नकाब और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी चोरी टल गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपराध के रास्ते से दूर रहने की अपील की है।