कवर्धा। शहर के सिग्नल चौक स्थित वर्षों पुरानी प्रतिष्ठान “छत्तीसगढ़ टेक्निकल” के संचालक के साथ दिनदहाड़े हुई मारपीट और कथित अपहरण की घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, कुछ लोग अचानक दुकान में पहुंचे और संचालक चंद्रशेखर चंद्रवंशी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ग्राम सैगोना स्थित एक फार्महाउस ले जाया गया, जहां कथित रूप से उन्हें बंधक बनाकर दोबारा मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद पैसों के लेन-देन से जुड़ा है। विष्णु चंद्रवंशी और शशिकांत चंद्रवंशी के बीच लंबे समय से आर्थिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर इस घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल कार्रवाई करते हुए सैगोना स्थित फार्महाउस पहुंची, जहां से व्यापारी को सकुशल मुक्त कराया गया। इसके बाद पीड़ित को थाने लाकर शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी विष्णु चंद्रवंशी सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े मुख्य बाजार क्षेत्र से व्यापारी को जबरन उठाकर ले जाने की घटना से व्यापारियों में भय और नाराजगी का माहौल है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि यदि बाजार क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं होने लगें तो आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े होना स्वाभाविक है।
फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।