शहर के व्यस्त इलाके स्नेहा क्लीनिक के पास तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। शहर के बीच तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
तेंदुए की एक झलक ने बढ़ाई लोगों की धड़कनें
बताया जा रहा है कि तेंदुआ जंगल क्षेत्र से भटककर आबादी वाले इलाके में पहुंचा है। स्नेहा क्लीनिक के आसपास तेंदुआ देखे जाने की खबर तेजी से पूरे शहर में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे।
स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को मौके से दूर रहने की समझाइश दी। भीड़ को नियंत्रित कर रेस्क्यू टीम के लिए सुरक्षित क्षेत्र तैयार किया जा रहा है।
डीएफओ समेत वन विभाग की टीम मौके पर
तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पूरी तैयारी के साथ मौके पर तैनात है। डीएफओ समेत वरिष्ठ अधिकारी और वनकर्मी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। टीम तेंदुए की गतिविधियों को ट्रैक करते हुए सुरक्षित रेस्क्यू की कोशिश में जुटी है।
भीड़ बनी चुनौती, लोगों से घरों में रहने की अपील
तेंदुए को देखने के लिए लगातार लोगों के पहुंचने से रेस्क्यू अभियान में चुनौती बढ़ सकती है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेंदुए के करीब जाने, उसका पीछा करने या भीड़ लगाने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से घरों के भीतर रखने की सलाह दी गई है।
वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने का अभियान जारी है। अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। तेंदुए के रेस्क्यू के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।