जिले में “सही दवा – शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई अनियमितताएं उजागर की हैं।
रायपुर रोड स्थित कल्पना स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में जांच के दौरान 20 एक्सपायर्ड दूध पैकेट बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों का अत्यंत अस्वच्छ तरीके से निर्माण और भंडारण पाया गया। साथ ही अखबारी कागज से खाद्य सामग्री ढकने की गंभीर लापरवाही सामने आई। टीम ने तत्काल अखबार हटवाकर बटर पेपर के उपयोग के निर्देश दिए और साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।
इसी क्रम में 56 भोग चौपाटी से 8 से 10 एक्सपायर्ड मॉकटेल बोतलें जब्त कर नष्ट कराई गईं। संचालक को एक्सपायर्ड सामग्री के उपयोग पर सख्त हिदायत दी गई।
जांच के दौरान नारायणी इंटरनेशनल, रॉयल सेलिब्रेशन, न्यू कल्पना रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। पंडरिया, पांडातराई और पोड़ी में भी होटल, स्वीट्स और बेकरी दुकानों की जांच कर अखबारी कागज के उपयोग पर रोक, साफ-सफाई बनाए रखने, हैंड ग्लव्स पहनने और वैध पंजीयन रखने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान 11 मई तक जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ग्राहकों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध खाद्य सामग्री की शिकायत करने की अपील की गई है।