कवर्धा। भारत माता चौक से समनापुर पुलिया तक जारी सड़क चौड़ीकरण कार्य शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसी क्रम में राजमहल चौक निवासी मलेश राजपूत ने अपनी निजी भूमि पर संचालित तीन छोटी दुकानों को लेकर चिंता जताई है। इन दुकानों से उनके एवं उनके छोटे भाई के परिवार का भरण-पोषण होता है और यही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है।
मलेश राजपूत द्वारा क्षेत्रीय विधायक एवं गृह मंत्री माननीय विजय शर्मा जी को अपनी समस्या एवं संभावित मुआवजे के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनप्रतिनिधि ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं, ताकि प्रभावित व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न हो और समाधान सकारात्मक रूप से निकाला जा सके।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर आयोजित सामूहिक बैठक में कलेक्टर द्वारा आश्वासन दिया गया था कि निजी भूमि को यथासंभव सुरक्षित रखा जाएगा तथा सामने उपलब्ध शासकीय भूमि का उपयोग प्राथमिकता से किया जाएगा। यह आश्वासन स्थानीय नागरिकों में विश्वास का आधार बना है। हालांकि, जमीनी स्तर पर कुछ भ्रम की स्थिति बनने से संबंधित पक्ष में चिंता उत्पन्न हुई है।
मलेश राजपूत ने शासन-प्रशासन से निवेदन किया है कि कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए और उनकी दुकानों को सुरक्षित रखते हुए समाधान निकाला जाए। उनका कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि विकास और आजीविका दोनों के बीच संतुलन स्थापित हो।
स्थानीय नागरिकों का भी मानना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से ऐसा रास्ता अवश्य निकलेगा, जिससे सड़क चौड़ीकरण कार्य भी निर्बाध रूप से आगे बढ़े और किसी परिवार की रोजी-रोटी पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। मामला अब सकारात्मक संवाद और संवेदनशील निर्णय की ओर बढ़ता दिख रहा है।