20 हजार रुपये दिखाकर बनाया भरोसा, चेन-अंगूठी लेकर निकला संदिग्ध; दूसरा साथी रेकी करता रहा
कवर्धा। धार्मिक आस्था का भरोसा और मंदिर में गुप्त चढ़ावे की बात। सामने 20 हजार रुपये की नकदी और पीछे सोने के आभूषण लेकर निकलने की तैयारी। सिटी कोतवाली क्षेत्र के श्री शिव ज्वेलर्स में इसी तरह के घटनाक्रम में करीब 5 से 6 तोला सोने के आभूषण ठगे जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्धों की पतासाजी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति कुर्ता-पायजामा पहनकर श्री शिव ज्वेलर्स पहुंचा। उसने शक्ति मंदिर में गुप्त दान और चढ़ावा चढ़ाने की बात कही। कथित तौर पर उसने 20 हजार रुपये दिखाकर दुकानदार का विश्वास जीता और सोने-चांदी के आभूषण भी चढ़ावे में शामिल करने की बात रखी।
इसके बाद आरोपी ने संचालक छोटे लाल सोनी से सोने की चेन और अंगूठी अपने पास ले ली। उसने आभूषण और नकदी मंदिर में रखने तथा शाम को वापस लेने की बात कही। संचालक जब बाद में संबंधित स्थान पर पहुंचा तो वहां न नकदी मिली और न ही सोने के आभूषण। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची।
बिना नंबर की बाइक बनी अहम कड़ी
प्रारंभिक पतासाजी में घटना में बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है। घटना के दौरान एक व्यक्ति दुकान में मौजूद था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। इससे घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध मोटरसाइकिल और व्यक्तियों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, आरोपियों की पहचान की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सिटी कोतवाली पुलिस की पतासाजी के बाद ही पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।