कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के बैगा बहुल तरेगांव जंगल और दलदली क्षेत्र की 135 आंगनबाड़ी केंद्रों में रविवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन हुआ। सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक चले कार्यक्रम में बच्चों, माताओं, अभिभावकों, स्वसहायता समूह की महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़कर स्वास्थ्य, पोषण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी परिवारों तक पहुंचाना रहा। केंद्रों में स्थानीय खाद्यान्न, हरी सब्जियों और फलों से तैयार ‘मेरी पौष्टिक थाली’ के माध्यम से संतुलित आहार का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक टीकाकरण किया गया। बच्चों के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां हुईं, जबकि जनभागीदारी से आयोजित ‘न्योता भोज’ में बच्चों को पौष्टिक भोजन, फल और मिठाइयां वितरित की गईं।
महिलाओं के लिए मेहंदी व रंगोली तथा बच्चों के लिए ‘स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। सुपोषित बच्चों और उनकी माताओं को सम्मानित कर बेहतर पोषण के लिए प्रोत्साहित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
महतारी वंदन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी के साथ पात्र नए हितग्राहियों का मौके पर पंजीयन किया गया। वहीं योजनाओं से लाभान्वित माताओं ने अपने अनुभव साझा किए। बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए ‘खिलौना बैंक’ को समृद्ध करने समुदाय से खिलौने और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की अपील भी की गई। कार्यक्रम के माध्यम से ‘विकसित भारत-2047’ के नागरिक संकल्प से भी लोगों को जोड़ा गया।