कवर्धा। जमीन की रजिस्ट्री के लिए लाखों रुपये के चेक दिए जाने के बाद भुगतान संबंधी गड़बड़ी सामने आने के मामले में दामापुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चेक के माध्यम से राशि का भुगतान दर्शाते हुए भूमि का रजिस्ट्रीकरण कराया था।
मामले में प्रार्थी मनकी राम भास्कर ने 14 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी दामापुर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत के अनुसार भूमि खसरा नंबर 29/9, रकबा 0.6150 हेक्टेयर के लिए 12.30 लाख रुपये तथा खसरा नंबर 51/05 और 52/01, रकबा क्रमशः 0.2590 और 0.1910 हेक्टेयर के लिए 10.30 लाख रुपये के आईडीएफसी बैंक के चेक प्रस्तुत किए गए थे। इन चेकों के आधार पर भूमि का रजिस्ट्रीकरण कराया गया।
शिकायत के आधार पर थाना कुण्डा में अपराध क्रमांक 134/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान भूमि और रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज जब्त किए। संबंधित बैंक खातों और चेकों के संबंध में बैंक से जानकारी जुटाई गई। वहीं उप पंजीयक कार्यालय पंडरिया से रजिस्ट्री एवं अभिलेखों की जानकारी लेकर दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आए दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध घटित होना पाए जाने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ग्राम गिरधारीकापा निवासी करन कुमार टण्डन, किशन कुमार टण्डन और बलीराम टण्डन को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार मामले में बैंक अभिलेख, रजिस्ट्री दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण जारी है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई चौकी दामापुर प्रभारी निरीक्षक रोसन लाल टोंडरे के नेतृत्व में आरक्षक हेमंत चंद्रवंशी, दिलीप लहरे, फागू और अजय पैकरा की भूमिका रही।