बोड़ला विकासखंड के प्रसिद्ध रानीदहरा जलप्रपात में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात युवती का शव झरने के नीचे पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण जलप्रपात की ओर गए थे, तभी उनकी नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती की मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है।