पुरानी रंजिश के चलते तलवार लहराकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 2 बजेथाना लवन क्षेत्र के ग्राम धाराशिव में आरोपी धुर सिंह धृतलहरे (50 वर्ष) अपने पड़ोसी परमेश्वर धृतलहरे के घर के सामने पुरानी रंजिश के कारण हाथ में पुरानी तलवार लेकर पहुंचा। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे प्रार्थी और उसका परिवार भयभीत हो गया। घटना की सूचना थाना लवन में दर्ज कराई गई, जिस पर अपराध क्रमांक 95/2026 के तहत धारा 296, 351(3) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी को 28 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। थाना लवन पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।