आंगनबाड़ी केंद्रों के नौनिहालों के चेहरे पर मुस्कान लाने और खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए पंडरिया में खिलौना संग्रह अभियान चलाया गया। सेवा सेतु शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए खिलौना बैंक में विधायक श्रीमती भावना बोहरा सहित जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
‘खेल से ही सीखने की मजबूत नींव पड़ती है’ और ‘खिलौने बचपन की मुस्कान हैं’ थीम पर आयोजित अभियान में सुबह से ही खिलौना बैंक में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। कोई मिकी माउस लेकर पहुंचा तो किसी ने गुड्डे-गुड़िया, पजल, बिल्डिंग ब्लॉक, बोर्ड गेम और खेल सामग्री दान की। लोगों के इस सहयोग ने बच्चों के प्रति समाज की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को सामने रखा।
विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने भी खिलौने प्रदान कर अभियान में सहभागिता की। वहीं जिला कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति बच्चों के लिए विशेष रूप से खिलौने लेकर पहुंचीं और खिलौना बैंक को सौंपे। उन्होंने 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की खेल एवं शैक्षणिक सामग्री प्रदान की।
अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की रचनात्मकता, सक्रियता और सीखने की क्षमता को बढ़ावा देना है। खिलौनों के माध्यम से बच्चों में साझेदारी और सहयोग की भावना विकसित करने के साथ प्रारंभिक बाल शिक्षा को भी मजबूत किया जाएगा।
शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय सोसायटियों की भागीदारी से खिलौनों का बड़ा संग्रह हुआ। अभियान में मिले खिलौने आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए केवल खेल सामग्री नहीं, बल्कि उनके बेहतर बचपन और खिलखिलाती मुस्कान की सौगात बनेंगे।