सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में 436 हितग्राहियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में गर्भवती महिलाओं की जांच, सोनोग्राफी, टीबी स्क्रीनिंग, नेत्र, अस्थि एवं दंत परीक्षण, प्रयोगशाला जांच और एचपीवी टीकाकरण संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 3 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजूषा यादव ने 124 गर्भवती महिलाओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रवि तिवारी ने 111 हितग्राहियों की सोनोग्राफी की। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रांजल जैन ने 19, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. क्षमा चोपड़ा ने 18 तथा दंत परीक्षण के माध्यम से 14 हितग्राहियों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं।
शिविर में 131 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग और 124 प्रयोगशाला जांच की गईं। इसके अलावा अन्य जांच एवं उपचार के तहत 76 हितग्राहियों को सेवाएं प्रदान की गईं। महिलाओं को एचपीवी संक्रमण से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण और सुरक्षित प्रसव के महत्व की जानकारी भी दी गई।
शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे के निर्देश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुपमा तिवारी के मार्गदर्शन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश साहू के निर्देशन में किया गया। विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक संगीता भगत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिविर के संचालन में सहयोग दिया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं सुलभ कराना, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना और टीबी सहित अन्य बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना रहा।