जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल अब जनमन आवास योजना को समयसीमा में पूरा कराने खुद मैदान में सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनके सख्त निर्देशों के बाद वनांचल क्षेत्रों में लगातार चौपाल लगाकर निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है और हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
जिला व जनपद पंचायत का अमला सुदूर गांवों में पहुंचकर निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर रहा है। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी महिला समूह की सदस्य घर-घर जाकर लोगों को अपना आवास जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित कर रही हैं, जिससे योजना को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल रही है।
इसी कड़ी में जिला समन्वयक पीएम आवास योजना (ग्रामीण) दुर्गेश शर्मा सहित मैदानी टीम ने छिंदीडीह, भेलकी और सेंदुरखार जैसे वनांचल क्षेत्रों में जनचौपाल लगाकर अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया। विशेष रूप से बैगा समुदाय के लिए बन रहे आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा दोनों पर फोकस रखते हुए रोजाना मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्य में आ रही बाधाओं को भी दूर किया जा रहा है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो छिंदीडीह में 118 में से 78, भेलकी में 139 में से 112 और सेंदुरखार में 179 में से 65 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर पात्र हितग्राही को जल्द से जल्द पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए।
वनांचल में चौपाल और सख्त मॉनिटरिंग के इस अभियान से जनमन आवास योजना को नई रफ्तार मिली है और ग्रामीणों के सपनों का घर अब हकीकत में बदलता दिख रहा है।