बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल वन मंडल में सोने की चेन चोरी के मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। कार्यालय उपवनमंडलाधिकारी, उपवनमंडल कसडोल (सामान्य) द्वारा थाना कसडोल में लिखित शिकायत प्रेषित कर प्रकरण में एफआईआर दर्ज करने की औपचारिक मांग की गई है। विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई की इस पहल को पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25-26 जनवरी 2026 की रात्रि वन परिक्षेत्र कॉलोनी, कसडोल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान घटना हुई। शिकायतकर्ता अधिकारी ने उल्लेख किया है कि रात्रि भोज के उपरांत जब वे अपने निवास लौटे, तो अगले दिन प्रातः लगभग 7 बजे उन्हें ज्ञात हुआ कि उनके गले में पहनी लगभग 3 तोला सोने की चेन गायब है। उक्त कार्यक्रम में विभागीय चौकीदार एवं वाहन चालक सहित कुछ कर्मचारी उपस्थित थे। दस्तावेज में संदेह के आधार पर दो कर्मचारियों—मनोज यादव एवं आनंद यादव (चौकीदार)—के नाम उल्लेखित किए गए हैं। साथ ही अन्य उपस्थित कर्मचारियों के मोबाइल कॉल डिटेल्स निकलवाकर निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध भी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समस्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विधिसम्मत जांच आवश्यक है। वन विभाग की यह पहल दर्शाती है कि शासकीय तंत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदेहास्पद घटना को दबाने के बजाय कानून के दायरे में लाकर जांच कराना प्राथमिकता है। अब निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि मामले में किस प्रकार से तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाती है। प्रकरण ने विभागीय हलकों में चर्चा तेज कर दी है, वहीं जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता से यह संदेश गया है कि जवाबदेही से समझौता नहीं किया जाएगा।