सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति के ऐतिहासिक संकल्प की पूर्ति के उपलक्ष्य में कवर्धा स्थित सिद्ध श्री खेड़ापति हनुमान महाराज मंदिर प्रांगण में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य हनुमंत भंडारा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और भगवान श्री खेड़ापति हनुमान जी महाराज के दर्शन-पूजन कर प्रदेश में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि शर्मा एवं उनके पुत्र श्री अभिनव शर्मा ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक श्री धमेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई। आयोजन के दौरान सुरक्षा बलों के वीर जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया गया। चार दशकों तक चुनौती रहे नक्सलवाद के अंत को प्रदेश में शांति और विकास के नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस उपलब्धि को सामूहिक संकल्प, प्रभावी रणनीति और सुरक्षा बलों के समर्पण का परिणाम बताया। भंडारे ने सामाजिक एकता और सद्भाव का सशक्त संदेश दिया।